
Raipur: अस्पताल के डस्टबिन में मिला नवजात का शव
मौदहापारा पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज से तलाश जारी
रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मेकाहारा अस्पताल (अंबेडकर अस्पताल) के इमरजेंसी गेट के पास रखे डस्टबिन में नवजात शिशु का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौदहापारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

पालिथिन में लिपटा था शव
जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने नवजात शिशु के शव को पालिथिन में लपेटकर डस्टबिन में फेंक दिया था। सुबह सफाईकर्मियों ने जब कचरा निकालने की कोशिश की, तो उन्हें शव दिखाई दिया। तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन और पुलिस को दी गई।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान की कोशिश
पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को कौन लेकर आया और किसने डस्टबिन में फेंका।
शव को भेजा गया मोर्चरी
डॉक्टरों ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में शिशु के जन्म के तुरंत बाद मौत की आशंका जताई जा रही है।
जांच जारी, पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने संदिग्ध व्यक्ति को अस्पताल परिसर में देखा हो, तो उसकी जानकारी पुलिस को दें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



