
Raipur में पुलिस की सख्ती: रात्रि गश्त के दौरान 23 संदिग्ध गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों को रोकथाम के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रात्रि गश्त को पूरी मुस्तैदी से करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उनका स्पष्ट निर्देश है कि अपराध घटित होने से पहले ही उन्हें रोकना प्राथमिकता हो। इसी कड़ी में देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने व्यापक रात्रि गश्त की, जिसमें 23 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया और अवैध हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों सहित पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
गश्त के दौरान थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अड्डेबाजी करते हुए और संदिग्ध ढंग से घूमते 23 व्यक्तियों को पकड़ा गया। इनमें से कुछ लोग चारपहिया और दोपहिया वाहनों में सवार थे। जांच में इनके पास अवैध रूप से रखे गए हथियार मिले। आरोपियों के कब्जे से कुल 3 चाकू और 1 तलवार बरामद की गई। इन सभी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मोबाइल चेक पोस्ट और सघन जांच
रात 12 बजे से सुबह 3 बजे तक आजाद चौक क्षेत्र में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। इसके अलावा बस स्टैंड, रजबंधा मैदान और बोरियाखुर्द कॉलोनी जैसे संवेदनशील इलाकों में गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों तथा लगातार अपराधों में संलिप्त आपराधिक तत्वों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने इन क्षेत्रों में पैदल और वाहन गश्त बढ़ाकर अपराधियों पर कड़ी नजर रखी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



