
रायपुर में चाकूबाजी पर पुलिस का कड़ा प्रहार, 12 घंटे में मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने चाकूबाजी के एक गंभीर मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फव्हारा चौक के पास हुई थी, जहां सार्वजनिक स्थान पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया।

आपसी छींटाकशी के बाद बटन चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी हरा सोनू उर्फ मोहम्मद आदिल रजा ने आपसी छींटाकशी से क्षुब्ध होकर बटनदार चाकू से पीड़ित पर हमला किया। हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति बन गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 35/26 के तहत आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 118(1), 109(1), 249, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना के बाद फरार हुआ आरोपी, भागने से पहले दबोचा गया
घटना के बाद आरोपी रायपुर छोड़कर फरार हो गया था और अन्य राज्य भागने की तैयारी में था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह के नेतृत्व में एवं एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट प्रभारी सचिन सिंह की संयुक्त टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को शरण देने वाले भी गिरफ्त में
जांच के दौरान यह सामने आया कि घटना के बाद आरोपी को भागने, छिपने और आश्रय देने में अन्य लोगों ने जानबूझकर मदद की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन एवं साक्ष्यों के आधार पर तीन सहयोगी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध के बाद संरक्षण देने वाले भी समान रूप से दोषी माने जाएंगे।
चाकू और 4 मोटरसाइकिल जप्त
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बटन चाकू बरामद कर लिया है। इसके अलावा आरोपी और सहयोगियों द्वारा घटना व फरारी में इस्तेमाल की गई चार मोटरसाइकिलें भी जप्त की गई हैं। प्रकरण में विवेचना जारी है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



