
रायपुर में चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा, विजिबल पुलिसिंग से अपराधियों में हड़कंप
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन द्वारा शहर में अपराध नियंत्रण के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिबल पुलिसिंग को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। पुलिस की लगातार मौजूदगी और सघन चेकिंग से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना हुआ है।

मेकाहारा के पास चेकिंग के दौरान दो युवक चाकू के साथ गिरफ्तार
इसी क्रम में दिनांक 06 फरवरी 2026 को थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा मेकाहारा क्षेत्र के पास आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो युवकों के पास से धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से
•अग्नि यादव (18 वर्ष), निवासी दलदल सिवनी, थाना पंडरी
•मुकेश यादव (18 वर्ष), निवासी दलदल सिवनी, महावीर चौक, थाना पंडरी को गिरफ्तार किया।

आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 26/2026 एवं 27/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
फरार और स्थाई वारंटियों की भी धरपकड़
सेंट्रल जोन क्षेत्र में फरार एवं स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 05 फरवरी 2026 को एसीपी कोतवाली डिवीजन के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, गोल बाजार, मौदहापारा एवं गंज क्षेत्र से दर्जन भर स्थाई व लंबे समय से फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों और फरार वारंटियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



