
रायपुर के स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 80 से ज्यादा जगहों पर दबिश, कई जगह आपत्तिजनक सामग्री जब्त
रायपुर, 27 मई 2025 — राजधानी रायपुर में चल रहे स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया। रविवार रात पुलिस की टीम ने एक साथ शहर के 80 से अधिक स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस अभियान में सीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गई थीं, जिनमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं।
पुलिस की इस सरप्राइज रेड में कई सेंटरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई, जिसके चलते कुछ संचालकों को हिरासत में लिया गया है। इस अभियान की अगुवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) लखन पटले, एएसपी कीर्तन राठौर, एएसपी दौलत राम पोर्ते और एएसपी ममता देवांगन कर रहे थे। उनके साथ शहर के सीएसपी व डीएसपी रैंक के अधिकारी और लगभग 200 महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
दस्तावेजों की गहन जांच
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों में कार्यरत सभी कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेजों की सख्ती से जांच की गई। खासकर बाहरी राज्यों से आए युवाओं के आधार कार्ड और निवास प्रमाण की बारीकी से पुष्टि की गई। इसके अलावा स्पा सेंटरों के लाइसेंस व पंजीकरण दस्तावेज भी चेक किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई स्पा की आड़ में चल रही अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दस्तावेजों की जांच जारी है और जिन केंद्रों में नियमों का उल्लंघन पाया गया है, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान से रायपुर पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



