
रायपुर के कारोबारी से 11.51 करोड़ की ठगी
रायपुर के एक कारोबारी से 11 करोड़ 51 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 54 एकड़ जमीन, जो पहले से ही बैंक में गिरवी रखी हुई थी, उसे बिना जानकारी दिए बेचने का सौदा किया गया। इस मामले में पुलिस ने हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर, प्रमोटर और शेयरहोल्डर को गिरफ्तार किया है, जबकि 9 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़ित कारोबारी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
पीड़ित कारोबारी विकास कुमार गोयल ने 16 जनवरी 2026 को सरस्वती नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं और रायपुर के सरस्वती नगर क्षेत्र में निवास करते हैं।

54 एकड़ जमीन का दिया गया था ऑफर
शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों और प्रॉपर्टी ब्रोकर रोहित कुमार घृतलहरे ने बलौदाबाजार जिले की सिमगा तहसील के ग्राम नेवधा में स्थित लगभग 22.347 हेक्टेयर (54 एकड़) जमीन की जानकारी दी। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि जमीन पूरी तरह वैध है और किसी प्रकार की कोई कानूनी या बैंक संबंधी गड़बड़ी नहीं है।
11.51 करोड़ रुपये एडवांस में किए ट्रांसफर
आरोप है कि सेल्स एग्रीमेंट के बाद संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड ने अलग-अलग तारीखों में चेक और RTGS के माध्यम से 11 करोड़ 51 लाख रुपये हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के खाते में एडवांस पेमेंट के तौर पर ट्रांसफर किए।
जांच में खुलासा: जमीन पहले से बैंक में गिरवी
भुगतान के बाद जब कारोबारी विकास गोयल ने जमीन की विस्तृत जांच कराई, तो पता चला कि उक्त जमीन पहले से ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के पास गिरवी रखी हुई है। यह जमीन ग्लोबल हाई-टेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड नाम की सिस्टर कंसर्न कंपनी द्वारा बैंक में गिरवी रखी गई थी।
NOC और पैसे लौटाने से किया इनकार
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने बैंक से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) की मांग की, तो आरोपियों ने न तो NOC दिया और न ही एडवांस में लिए गए पैसे लौटाए। 9 जनवरी 2026 को कंपनी को औपचारिक पत्र भी भेजा गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

तीन आरोपी गिरफ्तार, 9 की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के नारायण प्रसाद टेकरीवाल, पंकज टेकरीवाल और प्रीतम टेकरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों में लक्ष्मीचंद गुरवानी, विनोद बाजोरिया, राघवेन्द्र चंद सिन्हा, सेजल राठौर, शकुन्तला देवी टेकरीवाल, रोहित कुमार घृतलहरे, निशा अग्रवाल, निना जैन और नीता मस्कारा शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सरस्वती नगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



