
Raipur: 14 करोड़ की GST चोरी में कारोबारी संतोष वाधवानी को DGGI ने किया गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीएसटी चोरी के खिलाफ चल रहे अभियान में डीजीजीआई (DGGI) रायपुर जोनल यूनिट को एक बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने मेसर्स विजय लक्ष्मी ट्रेड कंपनी के वास्तविक संचालक संतोष वाधवानी को 14 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को 29 जनवरी की रात करीब 9 बजे रायपुर से हिरासत में लिया गया।
फर्जी इनवॉइस का 80 करोड़ का खेल
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी संतोष वाधवानी अपने बेटे हर्ष वाधवानी के नाम पर पंजीकृत फर्म का संचालन कर रहा था। आरोपी ने बिना किसी माल या सेवा की वास्तविक आपूर्ति किए लगभग 80 करोड़ रुपये के फर्जी इनवॉइस (बिल) जारी किए और उनके आधार पर अवैध रूप से 14 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया। इस जालसाजी से सरकारी खजाने को भारी वित्तीय नुकसान पहुँचाया गया।
![]()
डेटा एनालिटिक्स से पकड़ा गया ‘सिंडिकेट’
DGGI के अधिकारियों ने खुफिया जानकारी और आधुनिक डेटा एनालिटिक्स टूल्स की मदद से बैंक स्टेटमेंट, ई-वे बिल डेटा और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से जांच की। जांच में पाया गया कि आरोपी फर्जी फर्मों के जरिए टैक्स लायबिलिटी को कम करने के लिए फर्जी आईटीसी का चक्र चला रहा था।
सेंट्रल जेल भेजा गया आरोपी
चूंकि धोखाधड़ी की राशि 5 करोड़ रुपये की सीमा से अधिक थी, इसलिए संतोष वाधवानी को सीजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 69 के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को रायपुर जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर 30 जनवरी की शाम रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
विभाग अब इस सिंडिकेट में शामिल अन्य सहयोगियों और फर्जी इनवॉइस जारी करने वाली अन्य कड़ियों की तलाश कर रहा है। विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि वे जीएसटी नियमों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



