
Raipur: कुएं में मिली लापता बुजुर्ग की लाश, पैर में बंधा था पत्थर
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राखी थाना क्षेत्र के ग्राम पौता में एक कुएं से 51 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान भोलाराम बया के रूप में हुई है, जो बीते करीब 10 दिनों से लापता थे।
कुएं से उठी बदबू, ग्रामीणों ने देखा तैरता शव
जानकारी के मुताबिक गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खार क्षेत्र स्थित कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक शव तैरता नजर आया। इसकी सूचना तत्काल राखी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के एक पैर में पत्थर बंधा हुआ मिला है, जिससे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। इस तथ्य के सामने आने के बाद हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। शव की हालत काफी खराब बताई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या है या आत्महत्या। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
परिजनों ने जताया संदेह
परिजनों का कहना है कि भोलाराम का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह सामान्य जीवन जी रहे थे। ऐसे में कुएं में शव मिलना और पैर में पत्थर बंधा होना परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बन गया है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राखी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि भोलाराम आखिरी बार किसके साथ देखे गए थे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



