
Raipur : रिहायशी इलाके में मिली नाबालिग लड़की की लाश, हत्या की आशंका…
रायपुर। राजधानी रायपुर के एक रिहायशी इलाके में शनिवार को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लड़की दो दिन पहले घर से काम पर जाने के लिए निकली थी और तब से लापता थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

लड़की का शव काशीराम नगर के पास एक खाली प्लॉट में संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम को बुलाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है।
शव की स्थिति देखकर हत्या की संभावना अधिक— ASP
ASP दौलतराम पोर्ते ने बताया कि शव की हालत देखकर लगता है कि लड़की की हत्या कर शव सुनसान जगह पर फेंका गया है। मामले की प्रत्येक एंगल से जांच की जा रही है और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

दो दिन पहले घर से निकली थी
परिजनों ने बताया कि लड़की शादी-विवाह की पार्टियों में कैटरिंग का काम करती थी। गुरुवार शाम वह घर से काम के लिए निकली थी और सामान्यतः दो-तीन दिनों में लौट आती थी, लेकिन इस बार उसने फोन भी नहीं किया। परिजनों ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर हुई बरामदगी
स्थानीय लोगों ने खाली प्लॉट के पास शव देखकर इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच जारी है।मामले में पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



