
Raipur: सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर निगम का डंडा, 12 ठेलेदारों पर लगाया जुर्माना
रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क को गंदा करने और अतिक्रमण फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन क्रमांक-5 के जोन कमिश्नर खीर सागर नायक के निर्देश पर निगम की स्वास्थ्य टीम ने भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक-67 में औचक निरीक्षण किया।
सड़क किनारे ठेले, गंदगी का अंबार
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क किनारे पान ठेला, फल दुकान, समोसा और चाट की दुकानें लगाकर सार्वजनिक मार्ग पर गंदगी फैलाई जा रही थी। इस पर जोन-5 स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर ही 12 दुकानदारों पर कुल ₹5200 का जुर्माना ठोका।

भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी और वनीष दुबे की मौजूदगी में संबंधित दुकानदारों को भविष्य में दोबारा गंदगी न फैलाने की सख्त चेतावनी दी गई।
5 ठेले हटाकर सड़क कराई कब्जा मुक्त
निगम को मिली स्वच्छता संबंधी जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क पर कब्जा कर व्यवसाय कर रहे करीब 5 ठेलों को हटाया गया, जिससे मार्ग को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया गया।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



