
Raipur : चौरसिया कॉलोनी की चांद ब्रेड फैक्ट्री सील, अनहाइजीन हालात में बन रहे थे बेकरी उत्पाद
रायपुर के चौरसिया कॉलोनी स्थित चांद ब्रेड फैक्ट्री में गंभीर लापरवाही सामने आई है। नगर निगम की जांच में पाया गया कि फैक्ट्री में अत्यंत गंदे और अस्वच्छ हालात में बेकरी आइटम्स तैयार किए जा रहे थे। ब्रेड, टोस्ट, क्रीम रोल, डोनट और अन्य खाद्य पदार्थों पर मक्खियां भिनभिना रही थीं, वहीं फैक्ट्री परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई थी।

बिना मास्क-ग्लव्स के काम करते मिले वर्कर
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी बिना मास्क और ग्लव्स के खाद्य सामग्री को संभाल रहे थे। कई जगहों पर ब्रेड का डो जमीन पर खुला पड़ा मिला, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन हो रहा था।
शहर की 50 से ज्यादा दुकानों में होती थी सप्लाई
चांद ब्रेड फैक्ट्री में रोजाना खारी, टोस्ट, डोनट, ब्रेड और क्रीम रोल का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जाता था। इन उत्पादों की सप्लाई रायपुर शहर की करीब 50 से अधिक दुकानों में की जाती थी, जिससे आम लोगों की सेहत पर सीधा खतरा मंडरा रहा था।

जन शिकायत के बाद नगर निगम की कार्रवाई
दरअसल, बेकरी में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री बनाए जाने को लेकर नगर निगम में जन शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर जोन 6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की 6 सदस्यीय संयुक्त टीम ने बिना पूर्व सूचना फैक्ट्री का निरीक्षण किया।
जांच में शिकायत सही, नियमों का गंभीर उल्लंघन
चंद्रशेखर आजाद वार्ड के चौरसिया कॉलोनी में स्थित फैक्ट्री पहुंचने पर शिकायत पूरी तरह सही पाई गई। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा मानकों और हाइजीन गाइडलाइंस का गंभीर उल्लंघन सामने आया। खारी और टोस्ट पर भी मक्खियां बैठी हुई थीं।

फैक्ट्री सील, खराब सामान किया गया नष्ट
निरीक्षण के बाद जोन 6 स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हाजरी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलीहारी, अजय शर्मा, अभिषेक जायसवाल और कार्य सहायक टोकेश्वर ध्रुव की मौजूदगी में फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। साथ ही मौके पर मौजूद खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



