
Bhilaiऔर Raipur में लुटेरों का आतंक: ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, युवक से 4500 रुपये छीने
छत्तीसगढ़ के दुर्ग और रायपुर जिले में लुटेरों ने आतंक मचाया। भिलाई के चरोदा में दो नकाबपोश लुटेरों ने ज्वेलरी शॉप में कट्टा तानकर लूट की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की हिम्मत के आगे नाकाम रहे। इसके बाद रायपुर के कुकुरबेड़ा में इन्हीं लुटेरों ने एक युवक को डरा-धमकाकर 4500 रुपये लूट लिए। रायपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। दोनों घटनाएं सीसीटीवी में कैद हो गई हैं।

भिलाई में ज्वेलरी शॉप पर लूट की कोशिश
1 सितंबर की शाम करीब 4 बजे भिलाई-3 थाना क्षेत्र के चरोदा में नितेश जैन की ज्वेलरी शॉप में दो नकाबपोश लुटेरे घुसे। उन्होंने कट्टा तानकर दुकानदार को डराने की कोशिश की और सोना लूटने की धमकी दी। लेकिन नितेश जैन ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का सामना किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। डर के मारे लुटेरे मौके से भाग निकले। यह पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। नितेश ने शाम 7 बजे भिलाई-3 थाने में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

रायपुर में फायरिंग के साथ लूट
चरोदा की घटना के बाद दोनों लुटेरे रायपुर के कुकुरबेड़ा इलाके पहुंचे। 2 सितंबर की शाम करीब 6 बजे सरोना निवासी उज्जवल निषाद अपने दोस्त के साथ एटीएम में पैसे जमा करने गया था। तभी लुटेरे हरमीत सिंह और दीपक तिवारी ने उनकी बाइक के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी। दोनों ने उज्जवल को कट्टा दिखाकर डराया और हवाई फायरिंग की। इसके बाद उज्जवल से 4500 रुपये छीन लिए। भागते वक्त उज्जवल ने लुटेरों की बाइक पकड़ ली, जिससे दोनों लुटेरे गिर गए और अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
रायपुर पुलिस ने उज्जवल की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि हरमीत सिंह ने पूछताछ में चरोदा और रायपुर की दोनों वारदातों को स्वीकार किया है। दूसरा आरोपी दीपक तिवारी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



