
Raipur: आतंकियों की फंडिंग का नेटवर्क ध्वस्त: ED ने जब्त की राजू खान की संपत्ति
रायपुर | 07 सितंबर 2025: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठनों इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) और स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) को फंडिंग करने वाले नेटवर्क के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी राजू खान की 6.34 लाख रुपये की अचल संपत्ति जब्त की गई है। यह कार्रवाई आतंकी गतिविधियों को वित्तीय सहायता पहुंचाने वाले नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजू खान था नेटवर्क का मुख्य माध्यम
जांच में सामने आया कि राजू खान इस फंडिंग नेटवर्क की अहम कड़ी था। ईडी की जांच के अनुसार, राजू खान के बैंक खाते में कुल 48.82 लाख रुपये नकद जमा किए गए थे। इसमें से 42.47 लाख रुपये उसने आतंकी संगठनों से जुड़े व्यक्तियों तक पहुंचाए, जबकि 6.34 लाख रुपये (लगभग 13% कमीशन) उसने अपने पास रखे। यह रकम पाकिस्तान के खालिद के निर्देश पर भारत में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के जरिए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो आगे जुबैर हुसैन, आयशा बानो और राजू खान जैसे लोगों तक पहुंचती थी।

खमतराई थाने की एफआईआर से शुरू हुई जांच
ईडी ने यह कार्रवाई रायपुर के खमतराई थाने में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर की। इस एफआईआर में धीरज साहू उर्फ धीरज कुमार और अन्य पर गैरकानूनी गतिविधियों (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि धीरज साहू, खालिद के इशारे पर कई बैंक खातों का दुरुपयोग कर नकद जमा के जरिए रकम ट्रांसफर करता था। यह धनराशि कई परतों से होकर आतंकी गतिविधियों के लिए उपयोग की जाती थी।
अब तक की कार्रवाई
ईडी ने इस मामले में अब तक 9 लाख 15 हजार 836 रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त किया है। एजेंसी का कहना है कि यह अवैध आय आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल की जानी थी। इस कार्रवाई से आतंकी फंडिंग के नेटवर्क को गहरा झटका लगा है।
7 साल बाद दबोचा गया राजू खान
इस टेरर फंडिंग मामले में रायपुर पुलिस ने दिसंबर 2021 में पश्चिम बंगाल से 56 वर्षीय राजू खान को गिरफ्तार किया था। वह 2013 से रायपुर पुलिस की वॉन्टेड लिस्ट में शामिल था और सात साल तक फरार रहा। राजू खान के जरिए पाकिस्तान से आने वाली रकम सिमी और इंडियन मुजाहिदीन के आतंकियों तक पहुंच रही थी। उसका साथी धीरज साहू पहले ही 2013 में पकड़ा जा चुका है और वर्तमान में रायपुर जेल में 10 साल की सजा काट रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



