
रेलवे परियोजना में करोड़ों की चोरी का खुलासा, ऑपरेटर और कबाड़ी वाला गिरफ्तार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गेवरा-सेन्दुरगढ़ रेलवे लाइन निर्माण परियोजना में करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। कटघोरा पुलिस ने कंपनी के ही एक ऑपरेटर और एक कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पिछले चार महीनों से लगातार स्टोर से लोहे का स्क्रैप और पुरानी रेलवे पटरियां चुराकर बेच दी थीं। मामला शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और शेष चोरी गई सामग्री की बरामदगी के लिए छानबीन तेज कर दी है।
स्टोर से करोड़ों का लोहा और रेल पटरी गायब
कंपनी के मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर सुरेंद्र कुमार जांगिड़ ने कटघोरा पुलिस को शिकायत दी कि सिंघिया और सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे का सामान और पुरानी रेलवे पटरियां गायब हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई।

अंदरूनी मिलीभगत से हुई चोरी
जांच में गार्ड और कर्मचारियों से कड़ी पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि चोरी बाहरी लोगों द्वारा नहीं, बल्कि कंपनी के अंदर से ही की गई। ऑपरेटर तेजबहादुर पटेल ने कबूल किया कि वह पिछले चार महीनों से लोहे का स्क्रैप और पुरानी रेल पटरियों के टुकड़े चुराकर बेच रहा था। उसने कबाड़ी राहुल सिंह मरकाम के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी
पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दबोचा है:
तेजबहादुर पटेल (26 वर्ष), निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), सुतर्रा में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत। उसके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल JCB (RJ 14 EA 6446) और नकद राशि जब्त की गई।
राहुल सिंह मरकाम (28 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती कटघोरा, कबाड़ी का काम करता था। उसके पास से करीब 2 क्विंटल रेलवे पटरी के टुकड़े बरामद हुए।
भारतीय न्याय संहिता में केस दर्ज
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 317(2), 317(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब बाकी चोरी गई सामग्री की तलाश में जुटी है और जांच को और गहराई से आगे बढ़ा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



