
Raigarh: जब चोरों के सामने बेबस हुआ ढाबा संचालक, कहा- “भाई! डिमांड बताओ या मंथली ले लो”
रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब आम आदमी पुलिस के बजाय चोरों से ही ‘समझौते’ की गुहार लगा रहा है। धरमजयगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही डीजल चोरी से परेशान एक ढाबा संचालक का दर्द छलक पड़ा है। उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर चोरों से अनोखी अपील की है— “मंथली ले लो, पर मेरे यहाँ खड़ी गाड़ियों को बख्श दो।”
एक रात में 10 गाड़ियों के टैंक खाली
मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के प्रेमनगर स्थित छपरा-बलिया फौजी ढाबा का है। बुधवार रात यहाँ चोरों ने तांडव मचाया और ढाबे के सामने खड़े करीब 8 से 10 भारी वाहनों से डीजल पार कर दिया। सुबह जब ड्राइवरों की नींद खुली, तो गाड़ियों के टैंक खाली मिले। एक ड्राइवर ने बताया कि वह रात 2 बजे गाड़ी खड़ी कर सोया था, लेकिन सुबह तक चोरों ने हजारों का डीजल उड़ा लिया।
पुलिस से भरोसा उठा, अब चोरों से ही ‘डील’ की पेशकश
ढाबा संचालक राकेश कुमार मौर्य का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। छाल, धरमजयगढ़ और खरसिया मार्ग पर ‘डीजल चोर गिरोह’ लंबे समय से सक्रिय है। कई बार पुलिस को वीडियो और शिकायतें दी गईं, लेकिन खाकी के हाथ खाली ही रहे।
हारकर संचालक ने अब चोरों के लिए ‘ऑफर’ जारी किया है “मेरा ढाबा मेरी रोजी-रोटी है, इसे बर्बाद मत करो। अगर तुम्हारी कोई डिमांड है तो बताओ, मैं उसे पूरा करने की कोशिश करूँगा या तुम लोगों को मंथली पेमेंट देने पर भी विचार कर सकता हूँ।”

प्रशासन की साख पर सवाल
यह मामला न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि अपराधी कितने बेखौफ हैं। हाईवे पर चलने वाले ट्रक ड्राइवर अब इन ढाबों पर रुकने से कतराने लगे हैं, जिससे ढाबा संचालकों का व्यापार चौपट हो रहा है। सवाल यह है कि क्या रायगढ़ पुलिस इस वीडियो के बाद जागेगी या ढाबा संचालक को वाकई चोरों के साथ ‘मंथली’ सेट करनी पड़ेगी?
डीजल चोरों का ‘सेफ जोन’ बना हाईवे
रायगढ़ के औद्योगिक बेल्ट में डीजल की खपत अधिक है, जिसके कारण चोरी का माल आसानी से खप जाता है। गिरोह रात के समय मास्टर चाबी या पाइप के जरिए चंद मिनटों में टैंक खाली कर देते हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



