March 1, 2026
Raigarh में हाईवे पर डीजल चोरी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Raigarh में हाईवे पर डीजल चोरी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Feb 2, 2026

लाइन होटल संचालक गिरफ्तार, 150 लीटर चोरी का डीजल जब्त
रायगढ़। रायगढ़ जिले में हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल की चोरी और उसकी अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भालुमार स्थित एक लाइन होटल पर छापेमारी कर पुलिस ने होटल संचालक को गिरफ्तार करते हुए 150 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई, जिन्होंने जिले में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के सख्त आदेश दिए थे।

मुखबिर की सूचना पर छापेमारी
एसएसपी के निर्देश के बाद जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को सतत निगरानी के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली कि ग्राम भालुमार निवासी वेणुधर पात्रो अपने पात्रो होटल में अवैध रूप से भारी मात्रा में डीजल संग्रहित कर बिक्री कर रहा है। यह डीजल हाईवे पर खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों से चुराया गया था।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तुरंत पुलिस टीम गठित की और भालुमार स्थित पात्रो होटल पर दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल परिसर के पास 15-15 लीटर क्षमता वाले टीपा (ड्रम) में कुल 150 लीटर डीजल भरा पाया गया। जब्त डीजल की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

लाइसेंस नहीं, गिरफ्तारी और केस दर्ज
पुलिस ने होटल संचालक वेणुधर पात्रो (पिता स्वर्गीय कार्तिको पात्रो, उम्र 55 वर्ष, निवासी अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़) से डीजल भंडारण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की। थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 287 बीएनएस तथा धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

इसके अलावा बीएनएसएस की धारा 94 के तहत पूछताछ में पता चला कि होटल परिसर में कोई अग्निशामक यंत्र या अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर ज्वलनशील पदार्थ डीजल का इस तरह अवैध भंडारण मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है।

जप्ती और आगे की जांच
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जप्ती पत्रक तैयार कर 150 लीटर डीजल जब्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया। मामले की आगे की विवेचना जारी है, जिसमें जांच की जा रही है कि आरोपी डीजल चोरी करने वाले किन-किन लोगों के संपर्क में था और यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के साथ एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा एवं महिला आरक्षक आशा मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix