
Raigarh में चोर ने की 65 हजार के जेवरात की चोरी, महिलाओं के चीखने पर भागा
रायगढ़। जिले के ग्राम नवापारा में एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोर ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर 65 हजार रुपये के जेवरात चुरा लिए। यह घटना छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत दशहरा वाले दिन घटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

मेला देखने गए थे परिजन, घर पर थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, गुरुवार (2 अक्टूबर) को ग्राम नवापारा में दशहरा मेला लगा हुआ था। इस दौरान संध्या सारथी (31 वर्ष) के परिवार के कुछ सदस्य मेला देखने गए थे, जबकि संध्या, उनकी बहन शनिरो और बहू भारती घर पर ही थीं। तीनों महिलाएं हॉल में बैठकर मोबाइल चला रही थीं। इसी बीच अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाकर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
अलमारी का लॉकर तोड़कर चुराए जेवर और नकदी
चोर ने घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और एक मोबाइल फोन चुरा लिया। चोरी की कुल कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई जा रही है। जब महिलाओं को आहट हुई और उन्होंने चीखना शुरू किया, तो चोर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। संध्या सारथी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



