
Raigarh में करंट से मौत : खेत में बिछाए गए तार की चपेट में आए कृषि विस्तार अधिकारी
ग्रामीणों ने जंगली सुअरों से फसल बर्बादी की बताई समस्या
रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक कृषि विस्तार अधिकारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार देर शाम की है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम लालकुमार साहू (उम्र 40 वर्ष) है जो अपने खेत में कार्य करने गया था। जंगली सुअर पकड़ने के लिए खेत में बिछाए गए करंट युक्त तार के संपर्क में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

देर रात खोजबीन में मिला शव
परिजनों ने बताया कि लालकुमार शाम को खेत की ओर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन जब खोजने पहुंचे तो उसे खेत में मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची लैलूंगा थाना पुलिस ने शव को बरामद कर मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक बढ़ गया है, जिसके कारण किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। इसी वजह से कुछ किसान और ग्रामीण फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों में बिजली के तार बिछा देते हैं जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



