
Raigarh में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 4.90 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, 17 गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस ने जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। मुखबिर की सूचना पर सुबह-सुबह जिले भर में एक साथ छापेमारी की गई, जिससे अवैध कबाड़ माफिया में हड़कंप मच गया है।
24 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
पुलिस ने शहर और विभिन्न अनुविभागीय क्षेत्रों में कुल 24 अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाखा में तीन स्थानों पर कार्रवाई की गई, जहां दो 10-चक्का ट्रक, दो माजदा वाहन और एक बोलेरो में लोड अवैध कबाड़ जब्त हुआ। चिराईपानी रोड पर सिकंदर कबाड़ी के गोदाम से 46 टन कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक है। यहां हाईवा और ट्रक में छोटे-बड़े वाहनों के पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर तथा हाइड्रोलिक मशीनें भी मिलीं।

पूंजीपथरा और पुसौर में बड़ी सफलता
पूंजीपथरा पुलिस टीम ने 6 अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां से तीन ट्रक और लगभग 67 टन अवैध कबाड़ जब्त हुआ, जिसकी कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। पुसौर क्षेत्र में तीन ठिकानों पर तीन आरोपियों को पकड़ा गया, जहां से टाटा 710 वाहन और 4 टन से अधिक कबाड़ बरामद हुआ।
अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई
चक्रधरनगर और भूपदेवपुर में तीन-तीन, कोतरारोड़ और खरसिया में दो-दो तथा धरमजयगढ़ और तमनार में एक-एक स्थान पर छापेमारी हुई। कुल मिलाकर 14 वाहन (हाईवा, ट्रक, टाटा 710, माजदा, बोलेरो और छोटा हाथी पिकअप) जब्त किए गए।
कुल जब्ती और गिरफ्तारियां
इस अभियान में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 120 टन 331 किलो अवैध कबाड़ जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये है। अन्य थानों में कार्रवाई अभी भी जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



