
Raigarh में दिनदहाड़े सनसनीखेज चोरी: भाजपा नेता के पेट्रोल पंप से स्कूटी सवार ने उड़ाए 2.18 लाख रुपये, CCTV में कैद
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। खरसिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक भाजपा नेता के पेट्रोल पंप से स्कूटी सवार अज्ञात युवक ने करीब 2 लाख 18 हजार रुपये नगद चुराकर फरार हो गया। यह घटना बीते दिन दोपहर करीब 3 बजे बरगढ़ गांव के पास स्थित वेदनाथ पेट्रोल पंप पर हुई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया विधानसभा क्षेत्र के बरगढ़ गांव के पास NH-49 पर स्थित वेदनाथ पेट्रोल पंप भाजपा नेता तथा जिला पंचायत अध्यक्ष के परिवार से जुड़े रविंद्र गबेल का संचालित है। उस समय पेट्रोल पंप पर सिर्फ एक महिला कर्मचारी और एक पुरुष कर्मचारी मौजूद थे। स्कूटी सवार अज्ञात युवक पेट्रोल डलवाने के बहाने पहुंचा। उसने मौके का फायदा उठाकर ऑफिस में घुसकर कैश काउंटर से दो-तीन दिनों की पेट्रोल-डीजल बिक्री की कमाई करीब 2 लाख 18 हजार रुपये चुरा ली। कर्मचारी ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से स्कूटी भाग गया।

आरोपी की पहचान और पुलिस की कार्रवाई
पेट्रोल पंप संचालक रविंद्र गबेल ने बताया कि आरोपी की उम्र लगभग 45-47 वर्ष के आसपास लग रही है और वह स्कूटी पर आया था। घटना की शिकायत पर खरसिया थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। उम्मीद है कि कैमरों में आरोपी की तस्वीर या स्कूटी का नंबर कैद हुआ होगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पहले से रेकी की थी और कम स्टाफ होने का फायदा उठाया। आसपास के इलाकों में छापेमारी और पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



