
Raigarh: सगाई से लौटते समय पिकअप खाई में गिरी: 2 की मौत, 20 घायल, ब्रेक फेल होने से हादसा
रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सगाई समारोह से घर लौट रहे ग्रामीणों से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घटना कापू थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
हादसे का विवरण
घटना बुधवार रात हुई। बंगुरसुता गांव (छाल थाना क्षेत्र) के राठिया समाज के करीब 25 से 30 लोग पिकअप में सवार होकर गोसाईपोड़ी गांव में सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। वापसी में वाहन तेज रफ्तार में था। अचानक ब्रेक फेल होने से पिकअप बेकाबू हो गई और सड़क किनारे की खाई में जा गिरी।
मौके पर ही कई लोग घायल हो गए, जिनमें से दो बुजुर्गों – कालाराम राठिया (60) और छतरसिंह राठिया (60) – की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर मॉर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

कापू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन की तकनीकी जांच के साथ चालक की तलाश तेज कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



