
Raigarh: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर
काम से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
रायगढ़। जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है, जहां पति-पत्नी बाइक से काम कर घर लौट रहे थे।
पीछे से आए ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, ग्राम पुटकापुरी निवासी दयानंद महंत (38) अपनी पत्नी सेवती महंत के साथ सहदेवपाली स्थित प्रोग्रेस टाइल्स फैक्ट्री में काम करता था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे दोनों बाइक से फैक्ट्री पहुंचे थे। शाम को काम समाप्त होने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पटेलपाली से तरकेला जाने वाले मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी।

महिला की मौके पर मौत, पति घायल
टक्कर के बाद सेवती महंत बाइक से गिरकर ट्रेलर के चक्के की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दयानंद महंत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों का आक्रोश, मौके पर चक्काजाम
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



