
रायगढ़ में शिक्षिका के सूने घर में चोरी, 2 लाख के जेवरात पार
ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक शिक्षिका के सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामभांठा जवाहर नगर का है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

गेरवानी हाई स्कूल में व्याख्याता हैं पीड़िता
पीड़िता आशा भगत (34 वर्ष) गेरवानी हाई स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं और रामभांठा जवाहर नगर में रहती हैं। बताया गया कि उनके घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
परिवार बाहर गया था, सूनेपन का उठाया फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर को आशा भगत अपनी मां पार्वती के साथ जशपुर गई हुई थीं। इसी दौरान उनके घर के पास किराए से रहने वाले अनिल कुजूर और उनका परिवार भी 26 दिसंबर को घर छोड़कर बगीचा चले गए थे। घर पूरी तरह सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
लौटने पर टूटा मिला ताला, चोरी का चला पता
जब आशा भगत और उनकी मां जशपुर से लौटकर घर पहुंचीं, तो उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर अलमारी और सामान बिखरा हुआ था, जिससे चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तुरंत कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



