रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस द्वारा सेक्स रैकेट के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार रात पुलिस ने शहर के थ्री स्टार ट्रिनटी होटल की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में दबिश देकर देह व्यापार का खुलासा किया है।
स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार
पुलिस जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर की आड़ में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के अलग-अलग कमरों से तीन युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं। साथ ही मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
SSP के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पुलिस को ट्रिनटी होटल में देह व्यापार की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
पांइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक पांइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर में भेजा। पांइंटर द्वारा तय रकम देने के बाद जैसे ही पुलिस को संकेत मिला, टीम ने तत्काल होटल में छापा मार दिया।
तीन कमरों से मिलीं तीन युवतियां
होटल की सातवीं मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर के तीन अलग-अलग कमरों में तीन युवतियां मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कमरों की तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में संचालक ने किया खुलासा
स्पा सेंटर के संचालक विनयकांत बरगट (43 वर्ष) से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने और अवैध कमाई के लिए लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं।

संचालक और होटल मैनेजर गिरफ्तार
पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक विनयकांत बरगट के साथ-साथ होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह (48 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
दुर्ग जिले का निवासी है स्पा संचालक
पुलिस के अनुसार, आरोपी स्पा संचालक विनयकांत बरगट दुर्ग जिले के जोन-2, लोहिया रोड, एकता चौक के पास का निवासी है।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V