
रायगढ़ में किसान से 1 लाख की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैंक से 1 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे एक किसान और उसकी पत्नी को बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर गिरा दिया और नोटों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए।
खर्रसिया चौकी क्षेत्र की घटना
यह पूरी घटना खर्रसिया चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से पूछताछ की।
किसान अपनी पत्नी के साथ गया था बैंक
जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गोहापाली रोड निवासी संत राम राठिया (66) खेती-किसानी का काम करते हैं। उनका और उनकी पत्नी सादमती राठिया का खर्रसिया स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में खाता है। मंगलवार को दंपती बैंक से 1 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे।

बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
जैसे ही दंपती रास्ते में पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उन्हें धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से दोनों नीचे गिर पड़े। इसी दौरान बदमाशों ने नोटों से भरा थैला छीना और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही खर्रसिया चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



