
रायगढ़ में अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, पति ने किया आत्मसमर्पण
रायगढ़ जिले में नववर्ष के पहले दिन एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
किराए के मकान में रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के नवापारा निवासी सेतु चौहान (34) अपनी पत्नी निशा चौहान (30) और दो बच्चों के साथ कुछ समय से चमड़े के गोदाम क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

नए साल की रात फिर हुआ विवाद
1 जनवरी 2026 की रात को भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने खौफनाक कदम उठा लिया।
धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या
रात करीब 8 बजे सेतु चौहान अपनी पत्नी निशा को संगीतराई से बनसिया रोड की ओर ले गया। वहां उसने लोहे के चाकू (बकरा/मुर्गी काटने में इस्तेमाल होने वाला हथियार) से निशा की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से निशा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

थाने पहुंचकर किया सरेंडर
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सेतु चौहान सीधे जूट मिल पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है, वहीं बच्चों की देखरेख को लेकर भी प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



