
Raigarh में 108 ड्राइवर पर जानलेवा हमला
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मुफ्त सेवा देने को लेकर एंबुलेंस चालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया। दो प्राइवेट एंबुलेंस चालकों ने डायल-108 के ड्राइवर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 108 चालक के कान का हिस्सा कट गया। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।

पिकनिक मनाने गए 108 ड्राइवर पर हमला
पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी निवासी गिरजाशंकर लहरे (32), जो डायल-108 सेवा में चालक है, रविवार को छुट्टी पर था। वह अपने परिचित अनिल राय और अन्य प्राइवेट एंबुलेंस चालकों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने जंगल क्षेत्र में पिकनिक मना रहा था।
“फ्री में मरीज ले जाते हो, धंधा चौपट हो रहा है” — आरोप
इसी दौरान प्राइवेट एंबुलेंस चालक सैय्यद ने गिरजाशंकर पर आरोप लगाया कि 108 सेवा के कारण उनका निजी धंधा प्रभावित हो रहा है। गिरजाशंकर ने बताया कि वह सरकारी सेवा के तहत काम कर रहा है। जवाब सुनते ही प्राइवेट चालकों सैय्यद और अब्दुल अंसारी ने विवाद खड़ा कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।
गर्दन पर वार, बचाव में कान कट गया
विवाद बढ़ते ही दोनों ने गिरजाशंकर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वार उसकी गर्दन पर किया गया था, लेकिन बचाव में हटने के कारण चाकू उसके कान पर लगा, जिससे उसके कान का हिस्सा कट गया और वह लहूलुहान हो गया।
साथियों ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
घटना स्थल पर मौजूद चालक शेखर साहू, नरेश चौहान, अनिल राय, विनय और कुलदीप गुप्ता ने बीच-बचाव किया और घायल गिरजाशंकर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



