
Raigarh : फर्जी RC बनाकर चोरी की बाइक बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 7 लोग गिरफ्तार
रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस ने एक बेहद शातिर और संगठित बाइक चोर गिरोह को दबोचा है। यह गिरोह केवल बाइक चोरी नहीं करता था, बल्कि तकनीकी एक्सपर्ट्स की मदद से चोरी की गाड़ियों के ऐसे फर्जी दस्तावेज तैयार करता था कि खरीदार को शक तक न हो। पुलिस ने मामले में गिरोह के सरगना, ऑटो डीलर मैनेजर और लोक सेवा केंद्र के ऑपरेटरों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 25 चोरी की बाइक, एप्पल लैपटॉप और कलर प्रिंटर बरामद हुआ है।
ऐसे खुला फर्जीवाड़े का खेल
साइबर सेल और पूंजीपथरा पुलिस ने जब संदिग्ध मुकेश प्रधान को दो चोरी की बाइक के साथ पकड़ा, तो कड़ी जुड़ती चली गई। पूछताछ में पता चला कि यह पूरा गिरोह लैलूंगा के ‘श्याम ऑटो डीलर’ के मैनेजर और आरटीओ के पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ मिलकर काम कर रहा था। आरोपी अजय पटेल (लोक सेवा केंद्र संचालक) चोरी की बाइक के चेचिस नंबर से असली मालिक का डेटा निकालता और फिर अमेजॉन से मंगाए गए पीबीसी कार्ड पर लैपटॉप और प्रिंटर के जरिए हूबहू नकली आरसी (रजिस्ट्रेशन कार्ड) प्रिंट कर देता था।
बाजारों से उड़ाते थे गाड़ियां
मुख्य आरोपी मुकेश चौहान ने कुबूल किया कि वह अपने साथी विकेश दास (जो अभी जेल में है) के साथ मिलकर पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ के साप्ताहिक बाजारों से गाड़ियां चुराता था। अधिकांश गाड़ियां एचएफ डीलक्स (HF Deluxe) मॉडल की होती थीं, जिनकी बाजार में मांग अधिक है। फर्जी कागजात होने के कारण वे इसे सेकंड हैंड डीलर्स को आसानी से बेच देते थे।

पुलिस की गिरफ्त में आए गिरोह के सदस्य
पुलिस ने इस सिंडिकेट के हर स्तर के अपराधियों को गिरफ्तार किया है:
- मुकेश चौहान उर्फ नान्ही (25 वर्ष): मुख्य बाइक चोर (ग्राम भकुर्रा, लैलूंगा) – 3 बाइक बरामद।
- चन्द्र कुमार यादव (26 वर्ष): ऑटो डीलर मैनेजर (ग्राम सरडेगा, लैलूंगा) – 5 बाइक बरामद।
- पुरूषोत्तम प्रधान (30 वर्ष): ऑटो डीलर कैश मैनेजर (ग्राम मुडागांव, लैलूंगा) – 4 बाइक बरामद।
- मुकेश प्रधान (40 वर्ष): चोरी का माल खरीदने वाला (ग्राम रूडुकेला, लैलूंगा) – 2 बाइक बरामद।
- इरशाद खान (23 वर्ष): ऑटो डीलर कर्मी (ग्राम करवारजोर, लैलूंगा) – 3 बाइक बरामद।
- अजय पटेल (27 वर्ष): लोक सेवा केन्द्र संचालक (ग्राम चारभांठा, भूपदेवपुर) – फर्जी दस्तावेज बनाने हेतु लैपटॉप और प्रिंटर बरामद।
- संजय अगरिया: लोक सेवा केन्द्र कंप्यूटर ऑपरेटर – फर्जी कागजात तैयार करने में शामिल।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



