
Raigarh: पानी विवाद में किसान और उसके बेटे पर लाठी-डंडों से हमला, तीन आरोपी नामजद
रायगढ़। जिले के बड़े जामपाली गांव में शनिवार सुबह खेत में बोरिंग के पानी के बहाव को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में पानी भरने से फसल को नुकसान की आशंका पर आपत्ति जताने गए किसान पर गांव के तीन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में किसान और उसके पुत्र दोनों घायल हो गए।
पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, किसान 8 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे अपने खेत पहुंचा तो उसने देखा कि गांव के निकासी का पानी और बोरिंग का अत्यधिक पानी उसके खेत में भर रहा है। फसल कटाई के लिए तैयार थी, जिससे अधिक पानी नुकसानदेह हो सकता था।
किसान ने गांव के मनोहर पटेल से अनुरोध किया कि वे बोर का पानी कुछ देर के लिए बंद कर दें। आरोप है कि इस बात पर मनोहर पटेल, उनके बेटे अश्वनी पटेल और गणपति पटेल गाली-गलौज करते हुए विवाद पर उतर आए। तीनों ने किसान को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और डंडों से हमला किया। हमले में किसान के हाथ और पैर में चोटें आईं।
FIR दर्ज
शोर सुनकर किसान का बेटा प्रकाश नायक बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पीटा, जिससे उसके कंधे और पीठ में चोट लगी। किसान की रिपोर्ट पर पुलिस ने मनोहर पटेल, अश्वनी पटेल और गणपति पटेल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



