
Durg : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026: दुर्ग पुलिस की अनोखी पहल
दुर्ग। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत दुर्ग पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार 24 जनवरी 2026 को दुर्ग पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए कठपुतली कला के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों का संदेश दिया।

कठपुतली के जरिए दिया गया सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान कठपुतली कलाकारों ने रोचक एवं प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन तथा सड़क पर सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल भाषा में समझाया। इस अनोखे अंदाज ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का ध्यान आकर्षित किया।

शहर के प्रमुख चौराहों पर हुआ आयोजन
यह जागरूकता कार्यक्रम दुर्ग शहर के राजेन्द्र पार्क चौक, ग्रीन चौक तथा भिलाई नगर के सिविक सेंटर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित हुए और दुर्ग पुलिस की इस पहल की सराहना की।

नियमों का पालन करने वालों को गुलाब भेंट कर सम्मान
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को दुर्ग पुलिस द्वारा गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सकारात्मक पहल से लोगों में नियमों के पालन को लेकर उत्साह देखने को मिला और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



