
Durg : पुरानी रंजिश में भाजपा पार्षद और ज्वेलरी व्यापारी के बीच जमकर मारपीट
दुर्ग जिले के जामुल नगर पालिका परिषद क्षेत्र में भाजपा पार्षद और एक ज्वेलरी व्यापारी के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार 20 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जामुल थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
पार्षद दीपक गुप्ता ने लगाए गंभीर आरोप
जामुल नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 05 गणेश नगर से पार्षद दीपक गुप्ता ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वे अपने काम से नगर पालिका परिषद कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान ठेठवार मोहल्ला में वर्मा के घर के पास ज्वेलरी व्यापारी केशव सोनी ने उनका रास्ता रोक लिया।

पार्षद के अनुसार, केशव सोनी ने बिना किसी कारण गाली-गलौच शुरू की और नेतागिरी खत्म करने तथा दोबारा चुनाव लड़ने लायक नहीं छोड़ने की धमकी दी। आरोप है कि व्यापारी ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर हमला किया, जिससे सिर, बाईं आंख और हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।
व्यापारी केशव सोनी ने भी पार्षद पर लगाया मारपीट का आरोप
वहीं ज्वेलरी व्यापारी केशव सोनी ने भी पार्षद दीपक गुप्ता के खिलाफ जामुल थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। व्यापारी ने बताया कि वे गांव किरना (तिल्दा नेवरा) से धान बेचकर लौट रहे थे और अपने कर्मचारी को शिवपुरी जामुल छोड़ने के बाद घर जा रहे थे। इसी दौरान ठेठवार पारा सुभाष नगर में पार्षद दीपक गुप्ता ने उन्हें रुकने के लिए कहा। आरोप है कि पार्षद ने पुरानी बात को लेकर पहले गाली-गलौच की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए प्लास्टिक के पाइप से हमला कर दिया। इसके बाद पार्षद ने अपने भाई बबलू गुप्ता को भी बुला लिया और दोनों ने मिलकर मारपीट की।
पुलिस ने दर्ज की दोनों पक्षों की एफआईआर, जांच जारी
जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



