
सहसपुर लोहारा: प्रेम संबंध बना मौत की वजह, भावी ससुर ने की युवती की हत्या
सेप्टिक टैंक में मिला युवती का सड़ा-गला शव
सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बांधा टोला में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मकान के सेप्टिक टैंक से 20 वर्षीय युवती कामिनी निषाद का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि यह मामला दुर्घटना या आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का है।
हत्या का आरोपी निकला भावी ससुर
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कामिनी निषाद की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके भावी ससुर जहल पटेल (50 वर्ष) ने ही की थी। आरोपी को कामिनी और उसके बेटे के बीच संबंध मंजूर नहीं थे, क्योंकि युवती दूसरी जाति से थी।

4 नवंबर को दिया गया वारदात को अंजाम
यह घटना 4 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आरोपी ने योजना के तहत अपनी बीमार पत्नी के इलाज के बहाने दोनों बेटों को अस्पताल भेज दिया। इस दौरान घर में केवल आरोपी और कामिनी मौजूद थे।
गला घोंटकर किया बेहोश, फिर दी जहरीली दवा
मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने कामिनी का गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने उसके मुंह में कीटनाशक डाल दिया। युवती की मौत के बाद शव को घर में ही बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया।
घर लौटने पर बेटे को गुमराह किया
शाम को जब आरोपी का बेटा भोजराम घर लौटा तो कामिनी घर पर नहीं थी। पूछने पर आरोपी ने कहा कि वह घर छोड़कर कहीं चली गई है। इसके बाद परिजनों ने युवती की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सामाजिक बहिष्कार बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया है कि कामिनी के दूसरे जाति की होने के कारण आरोपी को समाज में बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा था। उसे सामाजिक कार्यक्रमों में बुलाना बंद कर दिया गया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी लगातार तनाव में रहता था और इसी गुस्से में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



