
Chhattisgarh : प्रेम प्रसंग के शक में विधवा महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, तीन आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम रानीझाप में एक विधवा महिला को कथित प्रेम संबंध के आरोप में अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान महिला के साथ मारपीट की गई और उसके मुंह पर गोबर भी पोता गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

शादीशुदा व्यक्ति से संबंध का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता महिला के पति की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसका गांव के ही एक 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 29 अक्टूबर 2025 को घर से भागकर मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रह रहे थे।
गांव लौटने पर बिगड़े हालात
शुक्रवार (23 जनवरी) को महिला और हरि प्रसाद गांव लौटे, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। दोनों खोडरी चौकी पहुंचे, जहां महिला ने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद सभी लोग गांव वापस लौट आए। शुक्रवार रात महिला को गांव के भुल्लन गोंड़ ने अपने घर में शरण दी।
महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया
अगले दिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, भाई मनोज राठौर और बहन यशोदा राठौर सहित अन्य लोग एकत्र हुए। आरोप है कि इन लोगों ने विधवा महिला को अर्धनग्न कर जूते-चप्पलों से पीटा और पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान आरोपी कहते नजर आए कि “घर उजाड़ने की यही सजा होती है।”
ग्रामीणों ने बचाई महिला की जान
घटना के दौरान मंदिर के पास मौजूद ग्रामीण अमर सिंह धुर्वे, दशरथ विश्वकर्मा और पीड़िता के परिजनों ने हस्तक्षेप कर महिला को बचाया। ग्रामीणों ने महिला को कपड़े पहनाए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले में हरि प्रसाद राठौर की पत्नी, बहन और भाई को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, तीनों को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



