March 4, 2026
Durg : प्रधान आरक्षक के पिता को थार ने मारी टक्कर, आरोपी चालक फरार

Durg : प्रधान आरक्षक के पिता को थार ने मारी टक्कर, आरोपी चालक फरार

Jan 15, 2026

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमालोरी–मर्रा मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही महिंद्रा थार ने बाइक सवार बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 74 वर्षीय शत्रुहन लाल चंद्राकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

समिति में धान बेचकर घर लौट रहे थे बुजुर्ग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शत्रुहन लाल चंद्राकर ग्राम आमालोरी के निवासी हैं। वे मंगलवार को ग्राम सांतरा समिति में धान बेचने के बाद अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमयू 5367 से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मर्रा स्कूल से आगे कौशल चंद्राकर की बाड़ी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही महिंद्रा थार वाहन क्रमांक सीजी 04 एनएक्स 7668 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।


सिर में गंभीर चोट, पैर की एड़ी की हड्डी टूटी

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई, वहीं बाएं पैर की एड़ी की हड्डी टूट गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके से वाहन लेकर ग्राम मर्रा की ओर फरार हो गया।


ग्रामीणों और छात्रों ने पहुंचाई मदद

घटना के समय आसपास मौजूद कॉलेज के छात्र और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को सरकारी एंबुलेंस की मदद से गाड़ाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।

प्रधान आरक्षक के पुत्र ने दी रिपोर्ट

घटना की सूचना घायल के पुत्र मुकेश कुमार चंद्राकर को मिली, जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। सूचना मिलते ही वे दुर्ग से अपने गांव आमालोरी के लिए रवाना हुए। बाद में उन्होंने उतई थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।


फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से जुड़े फोटो, वाहन की जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix