
थाने बना ‘शादी का मंडप’: Jashpur में दो प्रेमी जोड़ो ने की अनोखी शादी, खाकी ने दिया आशीर्वाद
जशपुर (पत्थलगांव) | छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खाकी का एक मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। पत्थलगांव थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में सोमवार की रात दो प्रेमी जोड़ों ने भगवान को साक्षी मानकर एक-दूसरे का हाथ थामा। यह शादी न केवल अनोखी थी, बल्कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने इसे यादगार बना दिया।
विरोध के बावजूद थमा एक-दूसरे का हाथ
जानकारी के मुताबिक, पहले प्रेमी जोड़े को शादी से पहले परिजनों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। विवाद इतना बढ़ा कि उनके बीच झूमा-झटकी तक की नौबत आ गई थी, लेकिन अपने प्यार पर अडिग इस जोड़े ने थाना परिसर के मंदिर को ही अपना मंडप बनाया। वहीं, दूसरा प्रेमी जोड़ा पिछले एक साल से रिश्ते में था। बालिग होने के कारण उन्होंने कानून और सुरक्षा का हवाला देते हुए थाने में आवेदन दिया था और विवाह की अनुमति मांगी थी।

शिव मंदिर में सात फेरे और पुलिस का पहरा
थाना परिसर के भोलेनाथ मंदिर में दोनों जोड़ों ने विधिवत मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए। दूल्हों ने अपनी दुल्हनों की मांग में सिंदूर भरा और जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाईं। इस दौरान पत्थलगांव थाने के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी इस विवाह के साक्षी बने।
विवाह के बंधन में बंधे ये जोड़े
- अमाकानी निवासी पल्लवी मरकाम ने गोढ़ीकला निवासी निर्मल लहरे के साथ विवाह किया।
- प्रेमनगर निवासी रानुराधा नामदेव ने रामकुमार विश्वकर्मा के साथ गृहस्थ जीवन की शुरुआत की।
कौतूहल का विषय बना थाना परिसर
आम तौर पर थाने में अपराध और विवादों की चर्चा होती है, लेकिन सोमवार को वहां का माहौल बिल्कुल बदला हुआ था। पुलिसकर्मियों ने न केवल जोड़ों को आशीर्वाद दिया, बल्कि उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की। स्थानीय लोगों के लिए भी यह शादी कौतूहल और चर्चा का विषय बनी रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



