
मनगटा के 49 रिसॉर्ट्स में पुलिस का छापा, मचा हड़कंप
राजनांदगांव : कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला पुलिस ने मनगटा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एक साथ 49 रिसॉर्ट्स पर सघन छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चला अभियान
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। अभियान में करीब 40 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जिन्हें अलग-अलग टीमों में बांटकर एक साथ रिसॉर्ट्स में दबिश दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पांच रिसॉर्ट्स में अवैध शराब सेवन की पुष्टि
छापेमारी के दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट और विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस ने समझाइश दी और संबंधित रिसॉर्ट संचालकों एवं प्रबंधकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36 (सी) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थान पर नशे में व्यक्ति पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान ग्राम मनगटा स्थित वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में पाए गए एक व्यक्ति के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 36 (च) के तहत कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को विधिवत नोटिस तामील किए गए। नोटिस में भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



