
अवैध धान परिवहन पर पुलिस का कड़ा प्रहार, Jharkhand से लाया जा रहा 30 क्विंटल धान जब्त
जशपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध परिवहन और बिचौलियों पर शिकंजा कसते हुए जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तपकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया जा रहा 30 क्विंटल अवैध धान और एक बिना नंबर प्लेट का सोनालिका ट्रैक्टर जब्त किया है। यह कार्रवाई घुमरा बैरियर के पास की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 2 और 3 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की है। तपकरा थाना पुलिस घुमरा बैरियर पर नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक नीले रंग का बिना नंबर प्लेट ट्रैक्टर आता दिखाई दिया, जिसे संदेह के आधार पर रोका गया।
70 बोरियों में भरा मिला 30 क्विंटल धान
ट्रैक्टर की तलाशी लेने पर उसकी ट्रॉली में प्लास्टिक की त्रिपाल से ढंका हुआ धान लोड पाया गया। जांच में कुल 70 बोरियों में करीब 30 क्विंटल धान बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 69 हजार रुपए बताई जा रही है।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
ट्रैक्टर चालक से जब धान के संबंध में वैध दस्तावेज, मंडी टोकन या परिवहन अनुमति पत्र मांगा गया, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने अपना नाम गुलबदन साय (28 वर्ष) निवासी ग्राम मृगखोल, थाना तपकरा बताया। दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने धान सहित ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
सरहदी राज्यों से धान खपाने की कोशिश
गौरतलब है कि धान खरीदी के दौरान बिचौलिये झारखंड और ओडिशा जैसे सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को लेकर जशपुर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सरहदी इलाकों और प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच की जा रही है।

अब तक 1930 क्विंटल धान जब्त
जशपुर पुलिस अब तक अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 ट्रक, 22 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से करीब 1930 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



