
गांजा तस्कर की तलाश में पहुंची पुलिस, छापे के दौरान ऐसा खुलासा कि उड़ गए अफसरों के होश
आरंग (रायपुर)। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अवैध गांजा तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को तलाशी के दौरान गांजे के साथ-साथ दो संरक्षित वन्य जीव गोह (गोइहा) और बड़ी मात्रा में नकदी भी मिली, जिससे पुलिस के भी होश उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि इंदिरा चौक स्थित मोनू ब्रायलर दुकान के पास एक व्यक्ति एक्टिवा स्कूटी में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में है। सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा गया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हुकुमत साहू, निवासी देवारपारा-तेलीबांधा, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 5 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹2.5 लाख आंकी गई। इसके बाद एक थैले से 2 संरक्षित वन्य जीव गोह (गोइहा) और ₹1,27,260 नकद भी जब्त किए गए।

पुराना अपराधी निकला आरोपी
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि उसके खिलाफ हत्या, मारपीट समेत करीब 15 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट और वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹3.77 लाख बताई जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों संरक्षित गोह को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



