
ऑटो में छुपाकर ओडिशा से रायपुर ला रहे थे 60 किलो गांजा, पुलिस ने बिहार के दो तस्कर को किया गिरफ्तार
सिंघोडा। थाना सिंघोडा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 60 किलोग्राम गांजा, एक ऑटो, मोबाइल फोन और नगद रकम सहित कुल 31 लाख 72 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर NH-53 पर घेराबंदी
दिनांक 08 जनवरी 2026 को सिंघोडा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखते हुए देहात पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक ऑटो में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम ने NH-53 के ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की।
ऑटो की तलाशी में निकला 60 किलो गांजा
घेराबंदी के दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे ऑटो क्रमांक CG 07 BR 6305 को रोककर जांच की गई। ऑटो में सवार चालक ने अपना नाम गोविंद राम (32 वर्ष) और पीछे बैठे व्यक्ति ने गयासुद्दीन आलम (36 वर्ष), दोनों निवासी जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। पूछताछ में गोलमोल जवाब देने पर ऑटो की तलाशी ली गई, जिसमें केबिन के अंदर तीन प्लास्टिक बोरियों में 35 पैकेट गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 60 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
31.72 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- 60 किलो गांजा (कीमत लगभग 30 लाख रुपये)
- घटना में प्रयुक्त ऑटो (कीमत 1.50 लाख रुपये)
- 2 मोबाइल फोन (20 हजार रुपये)
- नगद 2 हजार रुपये
जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत 31 लाख 72 हजार रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)ii(ग) NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और फाइनेंशियल नेटवर्क की विस्तृत जांच में जुट गई है।

सिंघोडा पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई थाना सिंघोडा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



