
Chhattisgarh: जिंदा पैंगोलिन की तस्करी नाकाम, दो तस्कर गिरफ्तार,उदंती-सीता नदी अभयारण्य की एंटी पोचिंग टीम की बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर घेराबंदी, दोनों आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद। उदंती-सीता नदी अभयारण्य की एंटी पोचिंग टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए जिंदा पैंगोलिन की तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। टीम ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर ओडिशा निवासी दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
वाइल्डलाइफ जस्टिस कमीशन की सूचना पर कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, इस दुर्लभ वन्यजीव की तस्करी की सूचना वाइल्डलाइफ जस्टिस कमीशन तक पहुंची थी। आयोग द्वारा बताए गए पॉइंट पर वन विभाग और एंटी पोचिंग टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की, जिसके दौरान तस्करों को जिंदा पैंगोलिन के साथ पकड़ा गया।

9 किलो वजनी और 40 इंच लंबा पैंगोलिन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग 9 किलो वजनी और 40 इंच लंबा जीवित पैंगोलिन बरामद किया गया। पैंगोलिन वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत शेड्यूल-1 श्रेणी में शामिल है, जिसकी तस्करी गंभीर अपराध माना जाता है।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल सफारी को सौंपने की तैयारी
बरामद पैंगोलिन का वन विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। परीक्षण रिपोर्ट के बाद उसे जंगल सफारी के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि उसे सुरक्षित प्राकृतिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वन विभाग आगे की जांच में जुटा है कि तस्करी का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



