
2 सूत्रीय मांगों को लेकर संचालनालयीन कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, काली पट्टी बांधकर किया शांतिपूर्ण विरोध
रायपुर। इंद्रावती भवन स्थित विभिन्न संचालनालयों के कर्मचारियों ने अपनी दो प्रमुख लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। यह आंदोलन छत्तीसगढ़ संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ के नेतृत्व में किया जा रहा है।

दो प्रमुख मांगें—पास जारी करना और भत्ता समानता
संघ के अध्यक्ष जय कुमार साहू ने बताया कि सरकार को कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
1. मंत्रालय भवन में प्रवेश के लिए संचालनालय कर्मचारियों को पास जारी किया जाए, ताकि कार्य के दौरान बार-बार होने वाली परेशानी दूर हो सके।
2. मंत्रालय कर्मियों की तर्ज पर संचालनालयीन कर्मचारियों को भत्ता प्रदान किया जाए, क्योंकि जिम्मेदारियाँ और काम का स्वरूप समान है।
चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा जारी
कर्मचारी संघ ने आंदोलन का पूरा शेड्यूल घोषित कर दिया है
20 नवंबर 2025: काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध
26 नवंबर 2025: लंच अवकाश में काली पट्टी के साथ प्रदर्शन
03 दिसंबर 2025: संचालनालय से मंत्रालय तक रैली
10 दिसंबर 2025: एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर विरोध
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तो उग्र आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।

इंद्रावती भवन में कार्यकारिणी की बैठक
इसी मुद्दे को लेकर इंद्रावती भवन में प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक का संचालन अध्यक्ष जय कुमार साहू ने किया।इस दौरान महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष जगदीप बजाज, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष वर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मार्कण्डेय, संगठन सचिव लोकेश वर्मा, प्रचार सचिव नितिन आठनकर, संयुक्त सचिव वृनिशा लकड़ा, और अन्य पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की इन समस्याओं का समाधान अब अत्यंत आवश्यक है और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने होंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



