
धान खरीदी में लापरवाही पर गिरी गाज, इस जिले के 3 अधिकारी हटाए गए
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में धान खरीदी व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी केंद्रों में गंभीर अव्यवस्था पाए जाने पर तीन प्राधिकृत अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया है।

धान की स्टेकिंग अव्यवस्थित
कलेक्टर द्वारा 12 दिसंबर को धान खरीदी केंद्र मोंगरापाली और गांजर तथा इससे पूर्व 11 दिसंबर को केवां धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान धान की स्टेकिंग अव्यवस्थित पाई गई, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। साथ ही नए और पुराने बारदानों पर समिति का मार्का और स्टेंसिल निर्धारित मानकों के अनुरूप अंकित नहीं थे। मिलरों द्वारा उपलब्ध कराए गए बारदानों की गुणवत्ता भी असंतोषजनक पाई गई।

इन अधिकारियों को हटाया गया पद से
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मोंगरापाली के प्राधिकृत अधिकारी गुलशन बघेल, गांजर समिति के प्राधिकृत अधिकारी पुनितराम सिन्हा तथा रिसीकेला समिति के प्राधिकृत अधिकारी नेपाल साहू को पद से पृथक कर दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



