
दुर्ग पुलिस की मुस्तैदी से शिव महापुराण कथा का शांतिपूर्ण समापन: लाखों श्रद्धालुओं की संभाली भीड़, बिछड़े बच्चे-बुजुर्गों को परिजनों से मिलाया
दुर्ग। ग्राम नगपुरा में आयोजित प्रख्यात शिव कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से चल रही शिव महापुराण कथा का दुर्ग पुलिस की सशक्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज 21 दिसंबर 2025 को शांतिपूर्ण समापन हो गया। यह धार्मिक आयोजन 17 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक चला, जिसमें प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 30 राजपत्रित अधिकारियों सहित करीब 450 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई।
बिछड़े बच्चों और बुजुर्गों को मिलाया परिजनों से
कथा के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण कुछ बच्चे और बुजुर्ग अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस द्वारा कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए पुलिस सहायता केंद्र की मदद से सभी को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।

सीसीटीवी और ड्रोन से रखी गई कड़ी निगरानी
आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। वहीं असामाजिक तत्वों और चोरों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिस बल तैनात किया गया था। दुर्ग पुलिस की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते इतना बड़ा धार्मिक आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं और आयोजकों ने दुर्ग पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



