
Jagdalpur : पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या की कोशिश
नारायणपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के गढ़ बेंगाल गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां युवक ने पहले अपनी पत्नी का गला काट दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में सुसाइड नोट मिलने के बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई है।

घर में अकेले थे पति-पत्नी, खून से लथपथ बाहर निकली महिला
जानकारी के मुताबिक, गढ़ बेंगाल गांव निवासी तिलक राम मंडावी अपनी पत्नी सुमित्रा मंडावी के साथ ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) चलाता था। केंद्र की ID सुमित्रा के नाम पर बनी हुई थी। 13 जनवरी को दोपहर के समय दोनों घर में अकेले थे। इसी दौरान सुमित्रा खून से लथपथ हालत में कमरे से बाहर निकली। परिजनों को शक हुआ तो वे अंदर पहुंचे, जहां तिलक फंदे से लटका हुआ छटपटाता मिला।

परिजनों ने उतारकर पहुंचाया अस्पताल
परिजनों ने तुरंत तिलक को फंदे से उतारा और दोनों को नारायणपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर हिमांशु सिन्हा ने बताया कि महिला के गले की नस कट चुकी थी और पति बेसुध हालत में था। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
इलाज के दौरान महिला की मौत
17 जनवरी को इलाज के दौरान सुमित्रा मंडावी की मौत हो गई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शुरुआत में पुलिस को यह घरेलू विवाद से जुड़ा आत्मघाती कदम लग रहा था, लेकिन कमरे से सुसाइड नोट मिलने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया।
सुसाइड नोट में बैंक कर्मचारियों पर गंभीर आरोप
पुलिस को सुमित्रा के नाम से लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है। नोट में लिखा है कि उसने किसी भी ग्राहक का KYC या CRM नहीं किया, क्योंकि उसकी ID से सिर्फ आधार लिंक किया जाता था। KYC और CRM का काम बैंक कर्मचारियों द्वारा किया जाता था। सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि गलत तरीके से ग्राहकों का पैसा निकालने के मामले में उसे फंसाया जा रहा था और बैंक कर्मचारी पैसे जमा करने का दबाव बना रहे थे।

पैसों के लेन-देन का भी जिक्र
सुसाइड नोट के अनुसार, तिलक राम मंडावी ने अलग-अलग दो खातों में 1 लाख 37 हजार रुपए जमा किए थे। इसके अलावा PNB कर्मचारी अमित कुमार साहू को 30 हजार रुपए नकद दिए गए। साथ ही फोन-पे के जरिए 20 हजार रुपए अमित साहू के एक परिजन को भेजे गए।
पिता ने लगाया बैंक कर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप
तिलक के पिता मंगतू राम मंडावी ने बताया कि वे खेत में काम करने गए थे। तभी सूचना मिली कि बेटे ने बहू का गला काट दिया और खुद फांसी लगा ली है। उनका आरोप है कि बैंक के लोग बेटे-बहू को लगातार परेशान कर रहे थे, जिससे वे मानसिक तनाव में थे।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सुसाइड नोट के आधार पर बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



