
Surajpur: नवांतोल मजहापारा में सनसनीखेज हत्या मामला, पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या
शराब के नशे में की गई वारदात, शव को कुएं में फेंककर छुपाने की कोशिश
सुरजपुर। सुरजपुर जिले के चांदनी बिहारिपुर के नवांतोल मजहापारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत अशोक राजक (35) ने अपनी पत्नी देवकुमारी राजक (32) की सिलबट्टे और बांस की लकड़ी से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने ही घर के कुएं में फेंक दिया और ऊपर से पुआल डालकर उसे छुपाने की कोशिश की।
यह दर्दनाक घटना 22 नवंबर की रात की है। बताया जाता है कि घटना के समय दंपत्ति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। नशे में धुत अशोक ने विवाद बढ़ने पर पत्नी पर सिलबट्टे और बांस की डंडी से हमला करना शुरू कर दिया। जब उनका छोटा बेटा बीच-बचाव के लिए आया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की। बच्चा किसी तरह घर से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

अगले दिन सुबह जब मृतका का बड़ा बेटा अपनी मां को तलाशने लगा और फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका, तो उसने घर के कुएं में झांककर देखा। झांकते ही उसे अपनी मां का शव दिख गया, जिसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
चांदनी बिहारिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी शराब का आदी था और अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



