
पति ने पत्नी और नाबालिग बेटी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्र-मरवाही जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गौरेला थाना क्षेत्र में एक पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस हमले में मां और बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

एडिशनल एसपी बंगले के सामने सुलभ शौचालय में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना एडिशनल एसपी बंगले के सामने स्थित एक सुलभ शौचालय परिसर की है। शंकर पांडेय अपनी पत्नी शमा शर्मा और नाबालिग बेटी के साथ वहीं अस्थायी रूप से रह रहा था। परिवार सुलभ शौचालय की देखभाल और संचालन का काम करता था। मंगलवार को शंकर के शराब पीकर घर लौटने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित रूप से पत्नी और बेटी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और वहां रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

आसपास के लोगों ने बचाई जान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज इनपेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी और उसका परिवार बुढार से आकर पेंड्रा में केयरटेकर के रूप में कार्यरत था।

शराब की लत बनी विवाद की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंकर पांडेय को शराब पीने की लत थी, जिसे लेकर दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद को इस घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
पुलिस को अस्पताल की ओर से मेडिकल मेमो भेजा गया है। हालांकि अभी तक औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



