
Korba : पैसों के विवाद में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डामौकुंडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने पैसों के विवाद में अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बांगो थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

बेटे की रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतिका के बेटे ने बांगो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता ही गांव के घर में रहते थे। घटना वाले दिन उसके पिता कल्लू उर्फ कल्याण सिंह ने फोन कर बताया कि उसकी मां उठ नहीं रही है और उसे तुरंत घर आने को कहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की।
पुलिस को हुआ संदेह, एफएसएल टीम ने की जांच
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत सामान्य नहीं बल्कि गला घोंटकर की गई हत्या है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस का संदेह मृतिका हिरोंडिया (41) के पति कल्याण सिंह (42) पर गहराया, क्योंकि घटना के समय घर में वही दोनों मौजूद थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
मोटरसाइकिल के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
आरोपी ने बताया कि वह पिछले 2-3 दिनों से अपनी खराब मोटरसाइकिल की मरम्मत के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था। पत्नी ने यह सोचकर पैसे देने से इनकार कर दिया कि वह शराब पीने में रकम खर्च कर देगा। 07 फरवरी 2026 को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या छिपाने की कोशिश, खुद शराब पीकर पड़ा रहा
आरोपी ने वारदात को सामान्य दिखाने के लिए शव को सोई हुई अवस्था में लिटा दिया और खुद शराब पीकर कमरे में बेसुध पड़ा रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
आरोपी जेल भेजा गया
बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



