Bhilai पति की मौत के बाद महिला पर टोनही का आरोप
पति की मृत्यु के बाद एक महिला को उसके ही ससुराल पक्ष द्वारा टोनही (डायन) बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला पर अवैध संबंध होने जैसे आरोप लगाकर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और उसकी नाबालिग बेटी को भी अपने पास रख लिया गया।

शिकायत के बावजूद नहीं हुई तत्काल कार्रवाई
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पहले भी की थी, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद महिला थाना सेक्टर-06 भिलाई में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
दहेज मांग और चरित्र हनन के आरोप
पीड़िता के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद सास शिखुकुमारी वर्मा, ससुर विजय वर्मा एवं देवर सुरेश वर्मा द्वारा उसे लगातार टोनही कहकर ताने दिए जाते थे। उस पर जादू-टोना कर पति की जान लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। साथ ही उसके चरित्र पर भी लांछन लगाए गए और दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया गया।

घर से जबरन निकाला, बेटी को भी नहीं सौंपा
महिला ने बताया कि उसे ससुराल से जबरन निकाल दिया गया और उसकी बेटी को अपने साथ नहीं जाने दिया गया। इससे वह मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट गई।
इन धाराओं में मामला दर्ज
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए एवं 34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



