
Chhattisgarh में 5,000 शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात दी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य में 5,000 शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती के लिए औपचारिक अनुमति प्रदान कर दी है। इस संबंध में संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) को आदेश जारी कर दिया गया है, जिससे भर्ती का विज्ञापन जारी होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
292 नए पदों का सृजन
विभागीय जानकारी के अनुसार, सरकार ने पहले 28 अक्टूबर 2025 को 4,708 पदों पर भर्ती की सहमति दी थी। अब इसमें 292 सहायक शिक्षक के नए पदों को भी जोड़ दिया गया है। इन अतिरिक्त पदों के सृजन के बाद कुल भर्ती का आंकड़ा 5,000 पहुँच गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में समीक्षा बैठक के दौरान इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए थे।

व्यापम के माध्यम से होगी परीक्षा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, इसलिए यह जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) को सौंपी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी 2026 के भीतर ही भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा, ताकि आगामी शिक्षा सत्र की शुरुआत तक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
शिक्षा विभाग के इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी स्कूलों, विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य शिक्षा के स्तर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना है। भर्ती की खबर मिलते ही अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है, जो लंबे समय से वेटिंग लिस्ट और नई वैकेंसी का इंतजार कर रहे थे।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



