
पाटन पुलिस को मिली बड़ी सफलता: आबकारी एक्ट में फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग 04 जून 2025:
पाटन पुलिस ने आबकारी एक्ट के एक बड़े मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी महेंद्र कुमार वर्मा को लंबी तलाश के बाद आज गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह मामला 8 फरवरी 2025 का है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ACCU दुर्ग की टीम और थाना पाटन पुलिस ने ग्राम फुण्डा स्थित महेंद्र वर्मा के फार्म हाउस बाड़ी में छापा मारा था। इस कार्रवाई में मध्य प्रदेश निर्मित 500 पेटी अंग्रेजी गोवा शराब (मात्रा 4500 बल्क लीटर), 3 वाहन, 9 मोबाइल फोन और प्लास्टिक शीट सहित कुल 62 लाख 40 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया था।

इस मामले में थाना पाटन में अपराध क्रमांक 37/2025 धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट, 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पुलिस ने घटना के तुरंत बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी विवेचना पूर्ण कर चालानी कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण का मुख्य आरोपी महेंद्र कुमार वर्मा (पिता भीखम लाल वर्मा, उम्र 52 वर्ष, निवासी देवादा थाना पाटन, जिला दुर्ग) घटना दिनांक 8 फरवरी 2025 से ही फरार चल रहा था। पाटन थाना स्टाफ लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ था।
आज दिनांक 4 जून 2025 को पाटन पुलिस को फरार आरोपी महेंद्र कुमार वर्मा को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT